शिमला, 01 मार्च : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हर भारतीय को खुशहाल और भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है, जिसके लिए वह जी जान से जुटे हैं। उनके इस लक्ष्य को हर भारतीय का सहयोग मिल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष शिमला के बनूटी में त्रिदेव और पंच परमेश्वर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के हर जन की आंखों में ख़ुशी देखने वाले नेता के साथ आज पूरा देश खड़ा है। कहा कि लोकसभा चुनाव में देश के लोग नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने को लेकर उत्साहित है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नित नई ऊंचाइयां छू रहा है। सबसे बड़े सी ब्रिज से लेकर, सबसे लंबे केबल ब्रिज देश के इंफ्रास्ट्रक्चर की शान बढ़ा रहे हैं। बीते कल ही ऊर्जा के क्षेत्र में सूर्योदय योजना की सौगात दी है। यह योजना एक दो नहीं बल्कि 78 हज़ार करोड़ की है, जो देश के ग़रीबों-किसानों को निःशुल्क बिजली उपलब्ध करवाएगी। एक दिन पहले ही देश के लगभग 10 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि आ गई। पांच साल में देश के किसानों के खाते में तीन लाख करोड़ की नगद धनराशि जमा करवाई है।
जयराम ठाकुर ने सम्मेलन में आए सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि इस बार जब हमारे विश्व प्रिय नेता तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे तो देश में दो करोड़ से ज़्यादा पक्के घर बनेंगे। लखपति दीदी की संख्या में एक करोड़ का इज़ाफ़ा होगा। हमारा देश दुनिया की तीन आर्थिक महाशक्तियों में शामिल होगा। रक्षा से लेकर स्वास्थ्य, चिकित्सा, अनुसंधान, अंतरिक्ष, विज्ञान, कृषि सभी क्षेत्रों में दुनिया के अग्रणी देशों में खड़ा होगा। इसके साथ ही साथ भारत विकसित होने की राह पर बड़ी मजबूती से अग्रसर होगा।
इस मौके पर उनके साथ शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, बलवीर वर्मा, प्रकाश राणा, डॉ. जनक राज, लोकेंद्र कुमार, दीपराज, पूर्व मंत्री डॉ राजीव सैजल, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि ठाकुर, मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, मंडल महामंत्री रोशन लाल समेत अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता और संबंधित त्रिदेव और पंच परमेश्वर उपस्थित रहे।