मंडी, 21 फरवरी : देश में लोकसभा चुनाव की आहट है। चुनावों की तैयारियों में कार्यकर्ता जुट गए हैं। इसी के चलते हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (Bharatiya Janata Yuva Morcha) के द्वारा 24 फरवरी से 5 मार्च तक चलाए जाने वाले युवा चौपाल कार्यक्रम के लिए मंडी में विशेष बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रवक्ता चंदन पंडित ने की। बैठक में युवा चौपाल कार्यक्रम को सफल बनाने के बारे में चर्चा की गई।
बैठक उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता चंदन पंडित ने कहा कि युवा मोर्चा होने वाले लोकसभा चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिसके लिए युवा मोर्चा ने रोड़ मैप तैयार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा युवाओं के लिए चलाई गई स्कीमों की जानकारी प्रदेश के हर गांव के युवाओं के साथ सांझी की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इस दौरान गांव में जाकर युवाओं के साथ चौपाल लगाएंगे और मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे।