शिमला, 19 फरवरी : हिमाचल की राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी (IGMC) में आरकेएस कर्मचारियों ने नियमित पे स्केल के लिए पेन डाउन हड़ताल (Pen Down Strike) शुरू कर दी है। सुबह 11 बजे तक आरकेएस (RKS) कर्मियों ने काले बिल्ले लगा कर अस्पताल के बाहर मौन प्रदर्शन किया। इसके चलते अस्पताल में मरीजों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मरीजों को घंटों लाइनों में खड़े रहकर पर्ची बनाने के लिए बारी का इंतजार करना पड़ा।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक कर्मचारी पेन डाउन स्ट्राइक पर अड़े रहेंगे। उधर, ओपीडी काउंटर, प्रिंसीपल और वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय में भी कार्य ठप रहा। सुबह आठ बजे से 11 बजे तक अस्पताल का पर्ची काउंटर बंद रहने के वजह से मरीजों के उपचार में देरी भी हुई।
आरकेएस यूनियन (RKS Union) के अध्यक्ष अरविंद पाल ने बताया कि आठ साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद भी कर्मियों को नियमित पे स्केल नहीं दिया जा रहा है,जबकि उन्हें यहां कार्य करते दस साल से अधिक का समय हो गया है। 2016 में आठ साल की अवधि पूरी करने वाले कर्मियों को नियमित पे स्केल दिया जा रहा है,2019 में 35 कर्मचारियों ने आठ साल पूरे कर लिए है। बावजूद इसके नियमित पे स्केल नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसको लेकर कई बार अस्पताल प्रशासन और सरकार से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन मांगे नही मानी जा रही है। मंगलवार से चार घण्टे की हड़ताल पर रहेंगे।