नाहन, 17 फरवरी : देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व 8 मार्च को मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर हर वर्ग में जोश व उत्साह है। इसी कड़ी में नाहन के ऐतिहासिक रानीताल बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर खास तैयारियां जोरों से चल रही हैं। शिव नवयुवा शिव मंडल व नगर परिषद द्वारा इस बार भी महाशिवरात्रि पर पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई हैं।
युवा मंडल के महेश ठाकुर ने बताया कि महाशिवरात्रि का आगाज 6 मार्च को विशाल शोभायात्रा के साथ होगा। इस दौरान महादेव की भव्य झांकी निकाली जाएगी। महादेव अपने गणों के साथ नगर भ्रमण करेंगे। 6 मार्च बुधवार को शोभायात्रा दोपहर 12 बजे शिव मंदिर रानीताल के प्रांगण से आरंभ होगी। जो शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए शाम को वापस यहीं समाप्त होगी।
7 मार्च वीरवार को सांय 6 बजे भजन संध्या का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व हर बार की तरह धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान परिसर में प्रसाद वितरण की व्यवस्था प्रातः 10 बजे से सांय 3 बजे तक रहेगी। शाम के समय चार पहर की पूजा रात्रि 10 से 12 बजे व पुनः 2 बजे से तड़के 4 बजे तक होगी। शनिवार 9 मार्च को रामायण पाठ प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा। श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम का समापन रविवार 10 मार्च को भंडारे के साथ किया जाएगा, जिसका आयोजन दोपहर 12 बजे से होगा।
नवयुवा शिव मंडल ने शहरवासियों ने महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।