शिमला,13 फरवरी: हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) आम जिंदगी का अहम हिस्सा है। निगम के चालक खतरों के खिलाड़ी से कम नहीं है। इन पर यात्रियों का इतना अटूट विश्वास होता है कि वो खतरानक सड़को पर सफर करने में संकोच नहीं करते है। खास खबर में हम आपको HRTC के तीन सबसे खतरनाक रूट के बारे में बताने जा रहे हैं। ये वो रुट है, जिसे निगम द्वारा भी सर्वश्रेष्ठ आंका गया है। यानी, निगम मैनेजमेंट भी अपने चालकों की निपुणता का लोहा मानती है।
निगम स्थापना के 50 वे वर्ष में दाखिल हो चुका है। इसके चलते निगम ने एक स्पर्धा का आयोजन भी किया जिसमे में शार्ट वीडियो प्रबंधन को भेजे जाने थे। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने प्रतिस्पर्धा में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान हासिल करने वाली खतरनाक वीडियो को अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया था। हिमाचल पथ परिवहन निगम’ की बसों के ड्राइवर इन डेंजरस रोड्स के “पथ संचालक” बन चुके हैं।
ये है वो तीन रूट
3. तीसरे स्थान पर लाहौल-स्पीति में मनाली से काजा रूट को आंका गया है। छोटा दडा से गुजरती एचआरटीसी बस में यात्रियों की सांस अटकती तो होगी लेकिन निपुण चालक उन्हें गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचा देते है। निगम कि ये बस सर्पीली सड़कों से होकर गुजरती है। ये, नजारा बेहद ही मंत्रमुग्ध कर देने वाला है। देखने में लगता है, मानो यहां सड़क बिछी नहीं बल्कि खड़ी हुई है। यही वजह है कि एडवेंचर के शौकीन बाइकर्स का भी यहां बाइक चलाना सपना होता है।
2. दूसरे स्थान पर निगम ने बर्फ की सफेद चादर के बीच से होकर गुजर रही बस रूट को आंका है। ये,अद्भुत नजारा लाहौल घाटी के बारालाचा दर्रे का है। ये इलाक़ा कठिनाइयों भरा है ,मौसम भी थोड़ी दूरी पर बदल जाता है। गंगनचुंबी पहाड़ों से बर्फ पिघलती है,इसके साथ चट्टानें भी गिरने लगती हैं। सड़कें ऐसी हैं,कमजोर दिल वाले यहां से दूर ही रहें तो बेहतर है।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
1. निगम ने सबसे खतरनाक रूट को किन्नौर के दुर्गम इलाके में आंका है। पहाड़ का सीना चीर कर बनाई गई सड़क नदी की धारा के साथ साथ चलती है। सड़क का सफर दिल की धड़कनें बढ़ा जाता है। बस के सामने बहते झरने से घिरी खतरनाक सड़क यात्रा को जोखिम भरा बना देती है। एक तरफ पहाड़ है तो दूसरी तरफ खाई। देखने में तो मनमोहक नजारा है, लेकिन ड्राइव करते समय कलेजा मुँह को आ जाता है। कई जगह तो ब्लाइंड मोड़ बहुत ही खतरनाक हैं।