सुंदरनगर, 10 फरवरी : उपमंडल के मंझखेतर गांव में शुक्रवार रात घर से लापता महिला का शव शनिवार सुबह घर के समीप की पानी के टैंक में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर सुंदरनगर पुलिस थाना का दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लिया। मृतक महिला के शव का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवाया गया है। वही, सुंदरनगर थाना पुलिस ने अधीन धारा 306 भारतीय दंड संहिता प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सुंदरनगर पुलिस को सूचना मिली कि मंझखेतर गांव में एक महिला का शव घर से करीब 100 मीटर दूर पानी के टैंक में पाया गया है। महिला घर से शुक्रवार रात से लापता थी। जिसकी तलाश में परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर तलाश की थी। लेकिन उसका कोई पता न चल पाया था। सुबह जब महिला का शव पानी के टैंक में होने का पता चला तो परिवार में हड़कंप मच गया। जिसके उपरांत थाना प्रभारी सुंदरनगर जसवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल ने मौका पर पहुंच शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेजा जहां महिला का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतक महिला की शिनाख्त अनीता देवी (55) पत्नी रणजीत सिंह निवासी गांव मंझखेतर डाकघर तलेली तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई। वहीं जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने शक के आधार पर क्षेत्र की एक महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला और आरोपी महिला के परिवारों के मध्य जमीनी विवाद चल रहा था जिसे लेकर इनके झगड़े होते रहते थे। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।