बिलासपुर, 9 फरवरी : कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित मझेड़ नामक स्थान पर लोगों ने फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण करने की मांग उठाई है। लोगों की इस मांग का समर्थन करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष बिलासपुर मान सिंह धीमान ने शुक्रवार को लोगों से मुलाकात की। लोगों ने मान सिंह धीमान को बताया कि मझेड़ में फ्लाईओवर ब्रिज न होने के कारण लोगों के साथ-साथ विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोग जान को जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं। ऐसे में यहां पर कभी भी बड़ा हादसा पेश आ सकता है।
इस मौके पर तुलसी राम ठाकुर, मझेड़ पंचायत के वार्ड नंबर दो सदस्य सरोज कुमारी, सीमा देवी, प्रमिला, रिश्ता, सूर्य वंशिका, रामप्यारी ने बताया कि प्रशासन को इस बारे में पंचायत के माध्यम से अवगत करवाया गया था, लेकिन वहां से भी केवल आश्वासन ही मिल सकें हैं। अब फोरलेन का यहां पर काम पूरा हो गया है, लेकिन फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण नहीं हो पाया है। फोरलेन के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, प्राथमिक पाठशाला के अलावा कई घर भी हैं। लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है।
उन्होंने चेताया कि अगर यहां पर कोई बड़ा हादसा पेश आता है तो ग्रामीण सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं, मान सिंह धीमान ने कहा कि मझेड़ के पास फ्लाईओवर ब्रिज बनाने की लोगों की मांग जायज है। वह इसका समर्थन करते हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह फोरलेन कंपनी व एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों से बात कर यहां पर फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण करें।