राजगढ़, 08 फरवरी : विधानसभा उपाध्यक्ष बनने के उपरांत रेणुका के विधायक विनय कुमार पहली बार राजगढ़ के विश्रामगृह पहुंचे। पच्छाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। साथ ही पच्छाद में कांग्रेस के गिरते ग्राफ बारे अपनी व्यथा विधानसभा उपाध्यक्ष को सुनाई।
पूर्व पच्छाद मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान ने अपने स्वागत भाषण में कड़े शब्दों में कहा कि पच्छाद में कांग्रेस बिना ठगड़े बारात चल रही है। जबकि ओबीसी सेल की अध्यक्षा स्नेह शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पच्छाद में कांग्रेस बिना पेंदे के लोटे की तरह बन गई है, जिसको समय पर पटरी पर लाना जरूरी है। इनका कहना है कि राजगढ़ क्षेत्र में सड़कों की बुरी दुर्दशा है, जिसे सुधारने की बहुत आवश्यकता है। पच्छाद कांग्रेस के चल रही आंतरिक लड़ाई अब खुलकर मैदान में आ गई है।
इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पच्छाद में विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की व्यक्तिगत तथा सामूहिक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पच्छाद में कांग्रेस पार्टी को पुनः सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने 14 माह के कार्यकाल में जनहित में अनेक निर्णय लिए हैं, जिसका असर आने वाले समय में देखने में मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए सरकार वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू करना सरकार की एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस मौके पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना।
इस मौके पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रणदीप सिंह पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि पच्छाद में कांग्रेस को पटरी पर लाने और रूष्ठ कार्यकर्ताओं को वापिस पार्टी में लाने के लिए भरसक प्रयास किए जाएगें। इस मौके पर नगर पंचायत की अध्यक्षा ज्योति साहनी, प्रदीप सूर्या, विक्रम ठाकुर, बलदेव कश्यप, नरेन्द्र शर्मा, अमन ठाकुर, राम कृष्ण, रघुवीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।