नाहन, 22 जनवरी : समूचे देश में रविवार को अयोध्या में प्रभु राम के मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। करीब 500 साल बाद मंदिर के पुनर्निमाण का सपना साकार हुआ। इस मौके पर देश के कोने-कोने में दीपावली मनाई जा रही है। इसी बीच इस पर्व में मुस्लिम समुदाय भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है।
शहर में हिन्दू व मुस्लिम भाईचारे का अटूट रिश्ता आजादी से पहले की तरह आज भी कायम है। आदर्श विद्या निकेतन की शिक्षिका शमीम ने सोशल मीडिया में अपने मन की बात कही, जिसकी प्रशंसा खूब की गई। उधर, समाज सेविका जीनत खान ने प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर पूरे मोहल्ले में लड्डू बांटे।
जीनत खान ने कहा कि आज के बाद से भारत में दो बार दीपावली मनाई जाएगी। समूची दुनिया में अगर कोई कल्पना की जाती है तो वो है राम राज्य की। उन्होंने कहा कि भारतवासी बेशक ही किसी भी विचारधारा के हों, लेकिन संपूर्ण मानव जाति के आदर्श हैं श्री राम जी। इस दौरान पत्रकार राकेश नंदन का भी मुंह मीठा करवाया गया।