ऊना, 12 जनवरी : उपमंडल अंब के भंजाल में ट्रैक्टर से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने उसके साथी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार साहनी (28) पुत्र फूलो साहनी निवासी सपोल जिला दरभंगा बिहार ने पुलिस को बताया है कि वह यहां पर मजदूरी का काम करता है। वीरवार को वह अपने अन्य साथियों व ठेकेदार मनोहर लाल के साथ सिद्ध चलेट में लेंटर डालने गए थे। लेंटर डालने के बाद रात करीब 8 बजे वह अपने साथी के साथ ट्रैक्टर पर वापस घर आ रहे थे। इस दौरान भंजाल मेन रोड़ से करीब 50 मीटर पीछे लिंक रोड पर जम्प लगने से राज कुमार ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे मुबारकपुर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दौलतपुर अस्पताल ले जाया गया,लेकिन राजकुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान राज कुमार (28) पुत्र आशीष साहनी वासी फाजिला जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया है कि यह हादसा चालक मनोहर लाल की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने कृष्ण कुमार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ अंब गौरव भारद्वाज ने मामले की पुष्टि की है।