शिमला, 24 दिसंबर : शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी के संजौली और ढली उपनगरों के बीच यातायात जाम खत्म करने के लिए तैयार की गई नई डबल लेन टनल बनकर तैयार हो गई है। यह टनल 25 दिसंबर से आवाजाही के लिए खुल जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू क्रिसमस के दिन स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनी 155 मीटर लंबी टनल का उद्घाटन करेंगे। नई टनल के उद्घाटन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। टनल में दोनो तरफ हिमाचल की संस्कृति को दर्शाते चित्र भी लगाए गए हैं।
संजौली और ढली के बीच टनल का निर्माण 1852 में हुआ था। पुरानी सुरंग में एक समय में एक तरफ ही वाहनों की आवाजाही होती है। अब नई डबल लेन सुरंग से दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही शुरू होगी। जिससे लगने वाले जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत यह डबल लेन टनल बनी है। जिस पर करीब 40 करोड़ रुपए खर्च हुआ है।
शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि इस तैयार हो चुकी टनल का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 25 दिसंबर को करेंगे। उन्होंने बताया कि इस टनल से शहर के लोग लाभान्वित होंगे और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।