सोलन, 13 नवंबर : जनपद के कुनिहार क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। जहां अनियंत्रित तेज रफ्तार डंपर सड़क के साथ लगते एक तीन मंजिला मकान की छत को तोड़ते हुए सीधे नीचे खेतों तक जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौके का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार गत रात्री करीब 11 बजे कुनिहार के बडोर घाटी के समीप सुबाथू मार्ग से तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क के साथ लगते तीन मंजिला मकान की छत को तोड़ता हुआ गौशाला पर बने शेड व लेंटर को तोडक़र लगभग 100 मीटर दूर खेतों में जा पंहुचा। हादसा उस समय पेश आया जब परिवार के सभी सदस्य घर में सोए हुए थे।
बता दें कि जिस हिस्से का लेंटर टुटा है उस कमरे में दो बच्चे भी सोए थे। जिनके पांव की तरफ छत का मलबा गिरा। डंपर में सवार चालक अश्वनी कुमार गांव डांगरी तहसील अर्की और एक अन्य व्यक्ति मकान की छत पर ही डंपर से गिर गए थे। जिन्हें घायल अवस्था में कुनिहार अस्पताल पहुंचाया गया।
मकान मालिक जयदेव शर्मा ने बताया कि डंपर के छत पर गिरने से जोरदार धमाका हुआ। सभी परिजन सहम गए थे। एक पल को तो परिजनों को ऐसा लगा मानो मकान के ऊपर पहाड़ ही गिर गया हो। घर में अफरा-तरफी मच गई। उन्होंने कहा कि अगर डंपर पत्थरों से भरा होता तो जान-माल का नुकसान हो सकता था।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को चिकित्सालय कुनिहार पहुंचाया गया। पुलिस ने डंपर चालक अश्वनी कुमार गांव डांगरी तहसील अर्की के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।