ऊना, 13 अक्तूबर : जिला ऊना में पिछले 24 घंटे के भीतर 17 वर्षीय नाबालिग सहित तीन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। दो मामले उपमंडल ऊना व एक मामला उपमंडल गगरेट का है। तीनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां से एक युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला उपमंडल गगरेट के गुगलैहड़ का है, जहां पर 40 वर्षीय संजीव कुमार ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। वीरवार रात्रि को संजीव कुमार की जहरीला पदार्थ निगलने से तबीयत बिगड़ने के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां पर उसका उपचार जारी है। वहीं दूसरा मामला ऊना उपमंडल के एक गांव का है, जहां पर 17 वर्षीय नाबालिग ने शुक्रवार सुबह अज्ञात कारण के चलते घर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसका क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार जारी है।
वहीं, तीसरा मामला नारी गांव का है, यहां शुक्रवार सुबह गांव के 18 वर्षीय अजय कुमार ने अज्ञात कारण के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। बिगड़ती तबीयत देख परिजन बेटे को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे, जहां से युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया।
एएएसपी संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तीनों मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।