हमीरपुर, 03 अक्तूबर : विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा पहली से पांच अक्तूबर तक निकाली जा रही शौर्य रथ यात्रा मंगलवार तीन अक्टूबर को सुजानपुर पहुंची। सुजानपुर पहुंचने पर रथ यात्रा का भव्य शानदार व जोरदार तरीके से स्वागत किया गया। जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री पंकज भारतीय ने बताया कि शहर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में यह शौर्य रथ यात्रा पहुंची है। इससे पहले संकट मोचन हनुमान मंदिर भलेठ में इस यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम को समर्पित यह शौर्य रथ यात्रा सुजानपुर से होते हुए बगेड़ा में बनाए गए राम धाम पहुंचेगी। यहां से आगे प्रस्थान करते हुए समीरपुर और आवाहदेवी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार ने भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य करवा देश के सनातनियों का मान सम्मान बढ़ाया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। आने वाले नए वर्ष 2024 में भव्य राम मंदिर का लोकार्पण देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। विधिवत भव्य राम मंदिर को जनता को समर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह पूरे देशवासियों के लिए गर्व व सौभाग्य की बात है कि रामलला अयोध्या में विराजमान हो रहे हैं। इससे पहले शौर्य जागरण यात्रा मंगलवार प्रातः संकट मोचन मंदिर भलेठ से निकलते हुए सुजानपुर मुरली मनोहर मंदिर पहुंची। यहां सैकड़ों लोगों ने भगवान श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त किया भजन-कीर्तन का आयोजन कर नारी शक्ति ने भगवान श्री राम को याद करते हुए जय श्री राम के नारे लगाए। यह यात्रा सुजानपुर बस स्टैंड से होते हुए मुख्य बाजार में प्रवेश कर आगामी गंतव्य की ओर बढ़ गई।
इस मौके पर पंकज भारतीय प्रांत सह मंत्री विश्व हिंदू परिषद नरेश कपिल, अध्यक्ष जिला विश्व हिंदू परिषद शेर सिंह ठाकुर, सुजानपुर परखंड अध्यक्ष सुरेश रागड़ा, शौर्य यात्रा प्रमुख प्रकाश सड़ियाल, शौर्य यात्रा सह प्रमुख स्वागत समिति अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, पंडित देवराज शर्मा संयोजक सहित गणमान्य लोक उपस्थित रहे।
यात्रा में शामिल लोगों को प्रसाद स्वरूप हलवा-चने वितरित किए गए। इसके साथ-साथ लोगों को चाय-पान भी करवाया गया। भव्य शौर्य रथ यात्रा का भगवान राम भूमि बगेड़ा में बनाए गए अयोध्या राम धाम में भव्य स्वागत किया। पंचायत प्रधान रजनी वाला, पंचायत समिति अध्यक्ष अंजना ठाकुर सहित लोगों ने गर्मजोशी के साथ इस यात्रा का स्वागत किया।