बिलासपुर, 29 सितंबर : जनपद में स्क्रब टायफस के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस वर्ष अभी तक 196 केस सामने आए हैं। गत जुलाई माह 2023 से अब तक 1042 व्यक्तियों का टैस्ट करवाया गया, जिसमें से 104 लोग स्क्रब टायफस पॉजिटिव आए हैं।
यह जानकारी एमओएच परविंदर ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिला में इस वक्त मक्की की कटाई जोरों पर है, जिसको देखते हुए जिला वासियों को एहतियात बरतने की जरूरत है, क्योंकि स्क्रब टायफस के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
स्क्रब टाइफस के लक्षण…
यह रोग खेतों, झाड़ियां व घास में रहने वाले चूहों पर पनपने वाले संक्रमित पिस्सू के काटने से फैलता है। इसमें तेज बुखार,जोड़ों में दर्द ,शरीर में अकड़न, तथा कई बार गर्दन, बाजू के नीचे तथा कूल्हे के ऊपर गिल्टिया हो जाती हैं। स्क्रब टायफस की चपेट में आने से बुखार 104 डिग्री तक हो जाता है। डेंगू की तरह ही इस रोग से पीड़ित व्यक्ति में प्लेटलेट्स गिरती हैं।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
स्क्रब टाइफस से बचाव….
स्क्रब टाइफस से बचने के लिए घर के आसपास घास, खरपतवार उगने न दे। खेतों व झाड़ियां में काम करते समय पूरा शरीर ढक कर रखें। उन्होंने कहा कि शरीर की साफ का ध्यान रखें घर के आसपास का वातावरण साफ रखें। घर के अंदर और आसपास कीटनाशक दवाइयां का छिड़काव करें। बुखार होने पर नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।