शिमला, 25 सितंबर : वित्तीय संकट से जूझ रही हिमाचल प्रदेश सरकार ने शराब ठेकों की नीलामी से अपना राजस्व बढ़ाया है। राज्य सरकार ने आबकारी नीति के तहत ऑक्शन कम टेंडर के माध्यम से 1815 करोड़ में शराब के ठेकों का आबंटन किया है। इसमें से 1301 करोड़ सरकारी खजाने में आ चुके हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल के जवाब में यह जानकारी सदन में दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष यानि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1296.94 करोड़ में ठेकों को नीलाम किया गया था। इस साल सरकार ने ऑक्शन कम टैंडर के आधार पर जो नीलामी का निर्णय लिया। सरकार के इस पारदर्शी कदम से 39.97 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त होना अनुमानित है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21, 2021-22 व 2022-23 में शराब के ठेकों का आबंटन नवीनीकरण द्वारा किया गया था। जबकि इस साल ऑक्शन कम टैंडर के माध्यम से किया गया है, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 518.41 करोड़ अधिक है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस वितीय वर्ष में ठेकों की नीलामी से अभी तक 1301 करोड़ रुपए की रिकवरी की जा चुकी है। यह राशि सरकारी कोष में जमा हो चुकी है। 21 प्रतिशत की ग्रोथ अभी तक हो चुकी है, और जो तय लक्ष्य है उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।