नाहन, 29 अगस्त : सिरमौर जिला के बर्मा पापड़ी पंचायत के बाशिंदे सैनिक रणजीत सिंह (46) की ड्यूटी के दौरान मौत का समाचार है। बड़ी बात ये है कि जन्मदिन के दिन ही रणजीत का देहावसान हो गया।
ग्राम पंचायत प्रधान शेर सिंह ने एमबीएम न्यूज को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रणजीत सिंह लगभग 24 वर्ष पहले असम राइफल्स (Assam Rifles) में भर्ती हुए थे। वह काफी खुश मिजाज व मिलनसार थे।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह के समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिस पर साथी सैनिक उन्हें अस्पताल ले गए, जहां शाम को उनकी मृत्यु हो गई। परिवार को मंगलवार सुबह जानकारी मिली कि रणजीत सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहे।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
अकस्मात मृत्यु के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मगर पंचायत प्रधान शेर सिंह ने बताया कि परिवार को जो जानकारी दी गई है, उसके अनुसार उल्टी-दस्त के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। अस्पताल जाकर वो रिकवर नहीं कर पाए। परिवार को मंगलवार अल सुबह उनके देहांत का पता चला। सैनिक रणजीत सिंह अपने पीछे माता-पिता के अलावा पत्नी व दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।
फिलहाल, असम राइफल्स के अधिकारियों ने परिवार को बताया है कि बुधवार दोपहर तक मृतक सैनिक की पार्थिव देह बर्मा पापड़ी पहुंचेगी।