कांगड़ा/आशीष शर्मा : जनपद के संसारपुर टैरस के गांव जखूणी में 14 वर्षीय युवती की सांप के काटने से मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार युवती रात को अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे रात 2 बजे काट लिया। युवती ने जैसे ही उसे ढूंढने के लिए इधर- उधर हाथ मारा तो सांप ने उसे फिर से डस लिया। उसने सांप द्वारा काटने की बात परिजनों को बताई। जब परिजनों ने देखा तो लड़की के बिस्तर पर एक सांप बैठा हुआ था।
उन्होंने आनन-फानन में लड़की को दौलतपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे होशियारपुर पंजाब के एक अस्पताल के लिए रैफर किया गया, डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान प्रियंका पुत्री सतीश कुमार के रूप में की गई है।
ग्राम पंचायत कोटला बेहड़ के प्रधान सुखविंदर कौर ने बताया कि प्रियंका के पिता मजदूरी करते हैं व एक बहन प्रियंका से छोटी व एक बड़ी है। उन्होंने प्रशासन से परिवार की हर संभव सहायता की मांग की है। सूचना संसारपुर टैरस पुलिस को दी गई व एएसआई संजीव कुमार व टीम ने युवती का देहरा में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।