पांवटा साहिब/अंजू शर्मा : सतौन-श्री रेणुका जी मार्ग पर टिक्कर खड्ड में पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक स्कूली बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। बच्चे को घायल अवस्था में 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जहां बच्चे का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मनीष कुमार (14) पुत्र गुमान सिंह निवासी मानल तापड़ी ग्राम पंचायत भजौन का रहने वाला है। सतौन के सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला मनीष शनिवार सुबह 8 बजे के करीब घर से पैदल ही बड़ी बहन व अन्य स्कूली बच्चों के साथ स्कूल के लिए निकला। जैसे ही बच्चे टिक्कर खड्ड के पास पहुंचे , तो पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हो गया। मनीष के साथ के अन्य स्कूली बच्चों व लोगों ने भागकर जान बचाई लेकिन मनीष भूस्खलन की चपेट में आकर मलबे में दब गया।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जान की परवाह न करते हुए खड्ड में उतर गए और बच्चे को मलबे से बाहर निकालने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को घायलावस्था में मलबे से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। जहां पर बच्चे का उपचार चल रहा है। बच्चे की टांगों व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगी है। हालांकि बच्चा अब खतरे से बाहर है।
मानल निवासी कपिल पुंडीर, कर्मवीर सिंह, लाल सिंह, विजेंद्र कपूर आदि ने बताया कि सतौन-श्री रेणुका जी सड़क पर टिक्कर खड्ड में बरसात में भूस्खलन होता रहता है। हर साल वहां पर स्कूली बच्चे व क्षेत्र के ग्रामीण अपनी जान को जोखिम में डालकर खड्ड को पार करते है। कई बार टिक्कर खड्ड की चपेट में ग्रामीण व गाड़ियां आ चुकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण कई वर्षों से टिक्कर खड्ड पर पुल बनाने की मांग कर रहे है, लेकिन सरकार व प्रशासन का इस और कोई ध्यान नहीं है।
उधर, सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी अमिताभ जैन ने बताया कि एक बच्चे को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था। बच्चे का तुरंत चिकित्सकों ने उपचार शुरू कर दिया है और बच्चा अब खतरे से बाहर है।