ऊना, 20 जुलाई : थाना बंगाणा के रायपुर मैदान क्षेत्र गोविंद सागर झील (Govind Sagar Lake) में डूबने से जल शक्ति विभाग के 52 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कुमार पुत्र जुल्फी राम गांव रायपुर मैदान तहसील बंगाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम जल शक्ति विभाग के कर्मचारी पवन कुमार रायपुर क्षेत्र गोविंद सागर झील में नहाने के लिए उतरा था। झील में नहाते हुए पवन कुमार अचानक पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने पवन कुमार को अचेत अवस्था में बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी हेड क्वार्टर अजय ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उधर, थाना बंगाणा के तहत थानाकलां में मनरेगा (Manrega) में कार्य कर रहे 85 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक वृद्ध की पहचान जैंड राम पुत्र राम रखा गांव मझेड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जैंड राम रोजाना की तरह थानाकलां में मनरेगा के कार्य पर गया हुआ था। इस दौरान अचानक चक्कर आने से जैंड राम गिर गए। अचेत अवस्था में वृद्ध कामगार को सीएचसी थानाकलां ले जाया गया, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता किया जा रहा है।