शिमला, 26 जून : लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में हिमाचल में दो दिन हुई बरसात से नुकसान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान 301 सड़के प्रभावित हुई है। जिनमें से 180 सड़कें आज व 15 सड़कें कल बहाल कर दी जाएंगी। अगले दो दिनों में 106 सड़कें बहाल की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में हिमाचल में साढ़े 27 करोड़ का नुकसान हुआ है।
ऊपरी शिमला को जोड़ने वाली घाट कोठी सड़क में चौक पर हुए भूस्खलन के स्थान पर वैली ब्रिज बनकर तैयार हुआ है। जिस पर आज वाहनों की टेस्टिंग की जा रही है। आज या कल शाम तक इसे आम लोगों की यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
प्रदेश में सड़कों को बहाल करने के लिए 196 जेसीबी कार्य कर रही है। 390 मशीनें सड़कों को खोलने के लिए तैनात की गई है। सबसे ज्यादा नुकसान मंडी में हुआ है। उन्होंने बताया कि मानसून के चलते प्रदेश भर में सड़कों के मेटलिंग का कार्य प्रभावित हुआ है जिसके लिए विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं। बरसातों के बाद यह कार्य जारी रहेगा।