शिलाई, 25 जून : हिमाचल प्रदेश के ट्रांसगिरि क्षेत्र की झकांडो पंचायत के युवक अनिल शर्मा ने सपनों को पंख लगाने में सफलता हासिल की है। भटोड़ी गांव में किसान माता-पिता के घर जन्में अनिल का चयन कॉलेज कैडर में सहायक प्रोफैसर (Assistant Professor in College Cadre) के पद पर हुआ है। हिन्दी विषय में अनिल की बचपन से ही रुचि रही। शिलाई महाविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद घर की आर्थिक स्थिति मजबूत न होने की वजह से निजी नौकरी शुरू कर दी। साथ ही हिन्दी विषय में स्नातकोत्तर की शिक्षा हासिल करने का सफर भी शुरू किया। 2018 में भाषा अध्यापक (language teacher) बनने में सफल रहे। 2020 में सैट की परीक्षा में हिस्सा लिया, क्योंकि वो कॉलेज कैडर में जाना चाहते थे। पहली ही कोशिश में सफलता भी हासिल हो गई।
2022 में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) भी उत्तीर्ण कर लिया। 2023 में प्रथम प्रयास में ही अनिल सहायक प्रोफैसर बनने में सफल हुए हैं। अनिल ने सफलता का श्रेय माता-पिता के अलावा शिक्षकों को दिया है। बता दें कि अनिल के माता-पिता खेतीबाड़ी से ही घर का गुजर-बसर चलाते रहे हैं। 2018 में अनिल को सरकारी नौकरी मिलने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति संतोषजनक हो गई।