शिमला, 20 जून : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर युवा कांग्रेस ने सोमवार को शिमला चौड़ा मैदान से लेकर अपने कार्यालय राजीव भवन तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली और राहुल गांधी की लंबी आयु की कामना की। युवा कांग्रेस ने भीम राव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर इस सांकेतिक यात्रा को निकाला और भाजपा पर संविधान को खत्म करने के आरोप लगाए।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि भाजपा देश में नफरत की राजनीति फैला रही है। लोगों को धर्म के नाम पर लड़ाया जा रहा है, जबकि असल मुद्दे बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं से अत्याचार हैं जिसको लेकर केंद्र सरकार चुप है। भाजपा देश को तोड़ने का काम कर रही है, जिसे देखते हुए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की और उसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं।
हिमाचल के चंबा में मनोहर हत्याकांड हुआ जिसमें सरकार ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे डाला है। दूसरी तरफ भाजपा इसको लेकर राजनीति कर रही है, जोकि दुखद है।