नाहन,कामिनी ठाकुर : सिरमौर जिला मुख्यालय की कौलावालाभूड़ पंचायत में स्थित माता त्रिभोणी देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा है। भारी संख्या में श्रद्धालु सुबह से माता के दर्शन को पांच किलोमीटर की चढ़ाई चढ़ पहुंच रहे है। देवी के इस मंदिर के प्रति लोगों में गहरी आस्था है।
मुख्यालय के नजदीकी गांव के लोग त्रिभोणी देवी की पूजा पशुओं की रक्षा व दूध, दही-घी के लिए करते है। कहा जाता है कि वर्ष का पहला घी माता के नाम से रख दिया जाता है व आषाढ़ मास की संक्रांति के बाद के पहले रविवार को यह घी माता को अर्पित किया जाता है। ताकि माता उनके पशुओं की रक्षा करे। माता त्रिभोणी की पूजा हर वर्ष आषाढ़ मास की संक्रांति से सावन मास की संक्रांति तक चार रविवार की जाती है। माना जाता है कि जो भी श्रद्धालु इस माह माता के दर्शन करता है उसके घर में दूध-दही की कमी नहीं होती। माता की कृपा उनके पशुओं पर सदा बनी रहती है।
आस-पास के गांवों से माता के दर्शनों को गए लोगों का कहना है कि सुबह पांच बजे से ही माता के मंदिर में भक्तों का तांता लगा है। सैंकड़ों भक्त माता के दर्शन कर चुके है। मंदिर में पहुंचे लोगों के लिए खाने-पीने की उचित व्यवस्था की गई है। सुबह सात बजे से ही मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने तक हर रविवार माता त्रिभोणी के मंदिर में मेला भी लगाया जाता है।