शिमला, 07 जून : प्रदेश वासियों को अभी मौसम से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटों में प्रदेशभर में मौसम खराब बना रहेगा। तापमान भी सामान्य से कम रहेगा। मई महीने में पश्चिमी विक्षोभ अधिक असरदार होने के कारण प्रदेश भर में वर्षा का दौर जारी रहा। जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 जून के बाद प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। अगले 48 घंटों में केरल तट पर मानसून दस्तक देगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश भर में मौसम खराब रहने की संभावना है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। एक सप्ताह तक अधिक वर्षा होने की संभावना नहीं है।
डॉ. सुरेंद्र पॉल ने कहा कि मई माह में पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय होने के कारण प्रदेश भर में 84% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। लगभग 20 वर्षों बाद मई महीने में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। जिसके चलते अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहा।
उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटों में मानसून के केरल तट पर दस्तक देने की संभावना है। उसके पश्चात उत्तर क्षेत्र की तरफ उसकी रफ्तार के अनुसार ही संभावना जताई जा सकती है कि प्रदेश में मानसून कब तक दस्तक देगा। उन्होंने कहा कि अमूमन प्रतिवर्ष 22 जून के बाद ही मानसून हिमाचल प्रदेश में दस्तक देता है।
इसके साथ ही जब उत्तर क्षेत्र के मध्यवर्ती इलाकों में मानसून दस्तक देगा तत्पश्चात ही प्रदेश में मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा सकती है। उन्होंने कहा कि अभी तक के अनुसार इस वर्ष मानसून के हल्के रहने की संभावना है। परंतु फिर भी जब तक मानसून प्रदेश में दस्तक नहीं देता तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता है।