शिमला, 20 अप्रैल : शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बागियों को मना लेने के साथ निगम पर जीत का दावा किया है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पर विश्वास जताया। अब नगर निगम शिमला के चुनाव में भी शहर के विकास के लिए जनता कांग्रेस पार्टी को वोट करेगी।
नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जल्द मेनिफेस्टो जारी करेगी, जिसमें शहर की जनता की समस्याओं को लेकर बात रखी जाएगी। पिछले पांच सालों में नगर निगम शिमला में पार्किंग, पानी, ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं लगातार बढ़ी है। कांग्रेस के प्रयासों से ही शिमला स्मार्ट सिटी बना, लेकिन इसमें कोई भी स्मार्ट काम नहीं हुआ है।
कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों के चुनावी मैदान में उतरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 21 तारीख तक नाम वापस लेने का समय है। सभी बागी उम्मीदवार कांग्रेस के समर्थन में नाम वापस कर देंगे। कांग्रेस नेता प्रचार में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री भी शिमला से दो बार पार्षद रहे हैं। वह यहां की समस्याओं को भली भांति जानते हैं। सीएम स्वयं प्रचार के लिए मैदान में उतरेंगे और जनता उन्हें समर्थन देगी।