ऊना (एमबीएम न्यूज़) : दौलतपुर के नजदीकी गांव भद्रकाली में विवाहिता द्वारा जहर निगल कर आत्महत्या करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने अपने दामाद और अन्य ससुरालियों पर उनकी बेटी को प्रताडि़त करने का आरोप जड़ते हुए उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने की बात कही है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर उसके पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि भद्रकाली निवासी 37 वर्षीय मोनिका ने शुक्रवार को अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। महिला की तबीयत बिगडऩे पर उसे तुरंत दौलतपुर चौक अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देते हुए तुरंत ऊना रेफर कर दिया गया। महिला के परिजन उसे फौरन होशियारपुर स्थित किसी बड़े अस्पताल ले गए। लेकिन महिला ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
महिला के पिता अमलैहड़ निवासी रशपाल ने पुत्री की मौत के लिए उसके पति और ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। दौलतपुर चौक पुलिस चौकी इंचार्ज हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया गया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।