नाहन (एमबीएम न्यूज): अल्ट्रा मैराथन के माहिर सुनील शर्मा मंगलवार दोपहर साईकिल पर चंडीगढ़ से यहां पहुंचे। साईकलिंग के इस सफर में सुनील ने कालाअंब तक की दूरी पौने तीन घंटे में तय की। तेज गर्मी के बीच सफर इतना आसान नहीं था, लेकिन सुनील ने इसे कर दिखाया। दिल्ली से मुंबई तक दौडऩे को तैयार सुनील की प्रैक्टिस का साईकलिंग भी एक हिस्सा है। पहले द ग्रेट इंडिया रन का आयोजन 3 जुलाई को होना था, लेकिन अब इसे 10 जुलाई तक स्थगित किया गया है।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में धावक सुनील का कहना है कि उनकी पहले चंडीगढ़ से श्री रेणुका जी तक पहुंचने की योजना थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे नाहन तक की सीमित किया गया। सनद रहे कि हाल ही में हमीरपुर के नादौन में कड़ी प्रैक्टिस करने के बाद सुनील चंडीगढ़ लौटे थे। अब द ग्रेट इंडिया रन की आगे की तैयारी अपनी मातृभूमि श्री रेणुका जी में करेंगे। उल्लेखनीय है कि 33 वर्षीय सुनील मूलत: संगड़ाह विकास खंड की माईना पंचायत के रहने वाले हैं।
आत्म विश्वास से लबरेज सुनील पूरी तरह से 18 दिन में दिल्ली से मुंबई की दौड़ पूरा करने के प्रति आश्वस्त हैं। संभवत: सुनील हिमाचल के पहले ऐसे धावक होंगे, जिन्होंने लंबी दूरी की दौड़ पूरी की होगी। इससे पहले चंडीगढ़ से दिल्ली तक दौड़ चुके सुनील समाजिक दायित्व को भी बखूबी निभाते हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में कई भूमिकाएं निभा चुके हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान भी सुनील ने सैनवाला स्कूल में पहुंचकर विद्यार्थियों व स्टाफ से मिलकर फिटनेस का संदेश दिया।