शिमला, 06 दिसंबर : यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो ऊपरी शिमला के प्रवेश द्वार ढली में 31 मार्च 2023 तक 147 मीटर लंबी नई सुरंग बनकर तैयार हो जाएगी। एक अप्रैल से टनल में वाहनों की आवाजाही शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पुरानी सुरंग का निर्माण 1852 में किया गया था। उम्र के लिहाज से पुरानी सुरंग दम तोड़ रही है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत नई टनल के निर्माण का कार्य 11 मार्च 2022 को शुरू किया गया था।
ऐसा भी बताया जा रहा है कि 53 करोड़ की लागत से बनने वाली नई सुरंग की लागत में 15 से 18 करोड की बढ़ोतरी भी हो चुकी है। लिहाजा अतिरिक्त बजट भी वांछित होगा। पहले तो जैसे- तैसे पुरानी सुरंग वाहनों का बोझ सहन कर लेती थी, लेकिन पिछले 8 से 10 सालों में ट्रैफिक में जबरदस्त इजाफा हुआ है।
हाल ही में स्मार्ट सिटी को लेकर एक बैठक आयोजित हुई थी। इसमें सुरंग के निर्माण की प्रगति रिपोर्ट को भी पेश किया गया था। सुरंग का निर्माण हिमाचल प्रदेश सड़क अधोसंरचना विकास निगम द्वारा किया जा रहा है। मार्च 2023 तक कार्य को पूरा करने में बर्फबारी भी चुनौती बन सकती है। हालांकि तर्क यह दिया जा रहा है कि देरी हो सकती है, लेकिन बर्फबारी के बावजूद भी काम को बंद नहीं किया जाएगा।