ऊना, 04 दिसंबर : विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर शहर के लिए राष्ट्रीय स्तर पर गौरवमयी क्षण जुड़े हैं। साइकिलिंग में वैश्विक स्तर पर नाम कमा चुके जिला के आर्य नगर वार्ड निवासी दिव्यांग रघुनाथ सिंह कुटलैहडिय़ा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों से श्रेष्ठ दिव्यांग अवार्ड मिला है। राष्ट्रपति के कर कमलों से मिले सम्मान को पाकर रघुनाथ व उसके परिजन फूले नहीं समा रहे। बेटे की उपलब्धि को परिजनों ने पूरे प्रदेश का सम्मान बताया है।
बीते तीन दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में समारोह आयोजित किया गया था। जिसमें ऊना शहर के दिव्यांग रघुनाथ सिंह कुटलैहडिय़ा को भी आमंत्रित किया गया। इस अवार्ड के लिए देश भर से पात्र दिव्यांगजनों के कुल 1210 आवेदन केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता दिव्यांगजन मंत्रालय को मिले।
श्रेष्ठ दिव्यांग अवार्ड के लिए मानकों पर खरा उतरने के बाद 29 दिव्यांगों का इस अवार्ड के लिए चयन किया गया। इस राष्ट्रीय अवार्ड के लिए रघुनाथ कुटलैडिय़ा साइकिलिंग में उनकी उपलब्धियों के कारवां को देखते हुए चयनित किया गया था।
बता दें कि रघुनाथ सिंह इस अवार्ड से पहले अपनी सफलताओं का लंबा इतिहास लिख चुके हैं। दो बार राष्ट्रीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीत चुके हैं, तो वर्ष 2019 में अबू धाबी में हुई वर्ल्ड समर गेम्स, स्पेशल ओलंपिक 10 किलोमीटर साइकिलिंग रेस में भी स्वर्ण पदक और पांच किलोमीटर स्पर्धा में रजत पदक जीत कर जिला ऊना सहित प्रदेश और देश का नाम विश्व पटल पर चमका चुके हैं। इसके लिए उन्हें शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी सम्मानित कर चुके हैं। रघुनाथ की उपलब्धि पर माता मधु कुटलैहडिय़ा एवं पिता एसएस कुटलैहडिय़ा ने राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया है।