शिमला, 01 दिसंबर : सूबे में विधानसभा चुनाव की मतगणना का काउंटडाउन शुरू हो गया है। चुनाव घोषित होने में अब एक हफ्ता रह गया है। भाजपा और कांग्रेस अपनी-अपनी सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है।
दोनों दलों को भरोसा है कि वे अपने बल पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे, हालांकि संख्या कुछ कम होने की संभावना को देखते हुए दोनों दलों में इसे पूरा करने की भी कवायद पूरी कर दी गई है।
ऐसे में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले कुछ नेताओं की अहमियत भी बढ़ गई है। जिन निर्दलीयों के जीतने की संभावना अधिक बताई जा रही है, उन्हें साधने के लिए सत्ता के दावेदार दोनों दल अपने दूतों के जरिए संपर्क साध रहे है। कोशिश यह है कि सरकार बनाने के लिए अगर जरूरी संख्या में कुछ कमी रही तो निर्दलीय विधायकों से इसे पूरा किया जाएगा।
दरअसल, इस बार विस चुनाव में बड़ी संख्या में निर्दलीयों ने ताल ठोकी है। दोनों दलों से टिकट न मिलने पर लगभग 30 नेताओं ने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा है। भाजपा के करीब 21 और कांग्रेस के 9 बागी चुनाव मैदान में हैं। विस की 68 सीटों पर किस्मत आजमा रहे 412 उम्मीदवारों में 99 निर्दलीय हैं।