राजगढ़, 28 नवंबर : उपमंडल में 26 नवंबर को जंगल में बरामद शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान 70 साल के सरूप सिंह निवासी मोहाली (पंजाब) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतक के पुत्र दलेर ने बताया कि पिता की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। पिछले कई वर्षों से वह राजगढ़ में भैंसों का व्यापार करने आते थे। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्हें काफी समय से घर पर ही रखा गया था। मृतक के बेटे का कहना है कि वह हमेशा राजगढ़ आने की बात करते थे, लेकिन घरवाले उन्हें यहां नहीं आने दे रहे थे।
7 नवंबर को वो घर से लापता हो गए थे। इसके बाद काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 13 नवंबर को वह राजगढ़ के पबियाना भी आए थे। परिवार ने स्थानीय लोगों को सूचना मिलने की स्थिति में सूचना देने का आग्रह किया था। साथ ही हंडेसरा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिजनों के मुताबिक पबियाना से रविवार को फोन कर शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद वह राजगढ़ हॉस्पिटल पहुंचे, जहां पिता के शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को नाहन में पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है। डीएसपी राजगढ़ ने मामले की पुष्टि की है।