ऊना, 13 नवंबर : हिमाचल की 14वीं विधानसभा (14th Legislative Assembly of Himachal) के लिए शनिवार को मतदान हुआ। ऊना जिला के पांच हल्कों में हुई वोटिंग में महिलाओं ने बाजी मारी है। महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ते हुए मिसाल पेश की है। जिला निर्वाचन अधिकारी (district election officer) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यहां की पांच सीटों पर कुल 80.98 प्रतिशत महिलाओं तो 73.68 प्रतिशत पुरुषों ने वोट डाले हैं।
निर्वाचन कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार जिले में कुल 3,28,313 वोट पड़े हैं। इनमें 1,69,884 महिलाओं और 1,58,427 पुरुषों ने वोट किए हैं। सभी हल्कों में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत (voting percentage) पुरुषों की अपेक्षा ज्यादा रहा। चिंतपूर्णी सीट पर महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 76 और पुरुषों का 69.13, गगरेट में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 82.05 और पुरुषों का 75.46, हरोली में महिलाओं का 84.78 और पुरुषों का 76.86, ऊना सदर में महिलाओं का 80.61 और पुरुषों का 74.55, कुटलैहड़ में महिलाओं का 80.64 और पुरुषों का 72.24 प्रतिशत रहा।
चिंतपूर्णी सीट पर 30,989 महिलाओं और 29,206 पुरुषों ने वोट डाले। इसी तरह गगरेट सीट पर 33,636 महिलाओं और 31,595 पुरुषों ने वोटिंग की। हरोली सीट पर 36,710 महिलाओं व 34,050 पुरुषों ने वोट किए हैं। ऊना सदर में 34,427 महिलाओं व 32,504 पुरुषों ने वोट डाले। कुटलैहड़ में 34,122 महिलाओं और 31,072 पुरुषों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बता दें कि ऊना जिले में कुल 3,23,813 वोटर हैं। इनमें 2,15,034 पुरुष और 2,09,777 महिलाएं हैं। ऊना में कल औसतन 77.28 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें चिंतपूर्णी में 72.28 प्रतिशत, गगरेट में 78.72 प्रतिशत, हरोली में 80.77 प्रतिशत, ऊना सदर में 77.55 औऱ कुटलैहड़ में 76.41 प्रतिशत वोटिंग हुई। बता दें कि प्रियंका गाँधी ने भी हिमचाल में हुई अपनी सभी जनसभाओं में महिला शक्ति को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया था। उन्होंने महिलाओं को ज्यादा तव्वजों दी थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला के सभी मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा अस्वस्थ व्यक्तियों के लिए व्हीलचेयर सहित सभी सुविधाएं प्रदान की गई थी ताकि मतदान के दौरान उन्हें किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दो मॉडर्न मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां पर स्वागत द्वार के अलावा रंगीन कारपेट बिछाने के सहित युवाओं को आकर्षित करने के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि जिला के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए दो महिला मतदान केंद्रों मे भी सौंदर्यीकरण के अलावा मतदान करने आई महिलाओं के छोटे बच्चों के लिए खिलौने इत्यादि की भी व्यवस्था की गई थी।