नाहन, 10 नवंबर : मेरा घर भी हिमाचल में है, हिमाचली हूं…पेंशन मिले न मिले, मेरी रिटायरमेंट तो यहीं से होनी है। मुस्कुराते हुए ये बात प्रियंका गांधी ने वीरवार को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतौन में जनसभा को संबोधन के दौरान कही। निश्चित तौर पर प्रियंका गांधी का ये तंज भाजपा के लिए था, जो ओपीएस के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश कर रही है।
संबोधन शुरू करने से पहले प्रियंका गांधी ने भगवान परशुराम, मां रेणुका व मां भंगयाणी माता को नमन किया। उन्होंने कहा कि वो आश्वस्त हैं कि यहां से आज असत्य के खिलाफ सत्य की आवाज उठेगी। उन्होंने कहा कि मां भंगयाणी माता साम, दाम, दंड, भेद को पराजित करने वाली देवी हैं।
एक अन्य रोचक वाकय में प्रियंका गांधी ने पहले जयराम सरकार पर हमले किए, बाद में मुस्कुराते हुए बोली, जयराम जी-जयराम। प्रियंका गांधी ने कहा कि ये आपका हिमाचल है, ये आपने बनाया है, इसकी रखवाली करो।
उन्होंने कहा कि दादी इन्दिरा गांधी का सुंदर व पहाड़ी प्रदेश के साथ गहरा रिश्ता था। वो रिश्ता सेवा व सम्मान का था। इस रिश्ते को कायम रखना है। ओपीएस के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने कहा कि वो पूछ रहे हैं कि कहां से धन लाएंगे। इस पर वो कहना चाहती है कि मंच पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद हैं, इन्होंने अपने प्रदेश में ओपीएस को लागू किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार मित्रों के लाखों करोड़ के कर्ज माफ कर सकती है, लेकिन लोगों को उनका जायज हक देने में आर्थिक व्यवस्था की बात करती है। प्रियंका ने जोर देकर कहा कि आपको अपना हक हर हाल में लेना है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि दादी अक्सर कहा करती थी कि जनता का विवेक ही सर्वोपरि होता है। अगर आप उन्हें चुन भी लेते हैं तो ये भी उनका ही विवेक है। उन्होंने कहा कि आप सही को चुनिए, क्योंकि आज नौकरी तो है, पर देने की मंशा नहीं हैै। हिमाचल में 63 हजार सरकारी नौकरियों के पद रिक्त पड़े हुए हैं।
संबोधन के शुरूआती चरण में प्रियंका गांधी ने ये भी कहा कि इस मंच से खड़े होकर कोई भी नेता कुछ भी कह सकता है। मैं खड़ी हूं तो कुछ भी कह सकती हूं। जब पिता व दादी के समय राजनीति हुआ करती थी तो कुछ और तरह से राजनीति होती थी।
भाजपा पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से देश में सत्य व अहिंसा पर आधारित राजनीति शुरू हुई थी, इसे हिमाचल के निर्माता डाॅ. वाईएस परमार व वीरभद्र सिंह ने आगे बढ़ाया। लेकिन अब राजनीति बदल चुकी है। जनता को लोक लुभावने चुनाव प्रचार से लुभाया जाता है। प्रियंका गांधी ने कहा कि डाॅ. परमार के आग्रह पर उनकी दादी ने हिमाचल बनाया। इसे प्रदेश की जनता के भरोसे ही बनाया गया था। मौजूदा समय में सत्य की राजनीति पीछे रह गई है। दुनिया बदली तो राजनीति भी बदल गई है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने हर महिला को 1500 रुपए देने का निर्णय लिया है तो इसमें गलत क्या हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं ही सहनशीलता से परिवार की परवरिश करती हैं। हर बोझ को चुपचाप स्वीकार करती हैं। प्रियंका गांधी ने साफ तौर पर कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली मंत्रिमंडल की बैठक में एक लाख नौकरियां व ओपीएस को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
संबोधन के दौरान प्रियंका गांधी ने ये भी कहा कि सरहद पर जवान देश की रक्षा में लगे हैं। विकट परिस्थितियों का सामना करते हैं। यहां सरकार चुनते हुए हमारा दायित्व बनता है कि सही व्यक्ति को वोट दें। उन्होंने कहा कि पहले असत्य के खिलाफ सत्य की राजनीति होती थी, लेकिन अब राजनीति में साम, दाम, दंड, भेद सबका इस्तेमाल होता है।
इससे पूर्व प्रियंका गांधी को खुली जीप में मंच तक पहुंचाया गया। इस दौरान वो जनसैलाब का अभिनंदन स्वीकार करते हुए आगे बढ़ी। मंच पर प्रियंका गांधी को लोईया व डांगरा भेंट किया गया। साथ ही शिलाई से कांग्रेस के प्रत्याशी हर्षवर्धन चौहान की पत्नी ने प्रियंका गांधी को ढाटू पहनाकर पहाड़ी संस्कृति का परिचय दिया।
संबोधन पूरा होने के बाद प्रियंका गांधी ने शिलाई से कांग्रेस प्रत्याशी हर्षवर्धन चौहान, पांवटा साहिब हलके से पार्टी कैंडिडेट किरनेश जंग, रेणुका जी से विनय कुमार व नाहन से अजय सोलंकी को जितवाने की अपील की।
संबोधन की शुरूआत में ही प्रियंका गांधी ने देरी से पहुंचने की वजह का भी खुलासा करते हुए कहा कि शिमला में मौसम खराब होने के कारण पायलट उड़ान भरने के लिए इंकार कर रहा था, लेकिन उन्हें सतौन की जनता का वीडियो दिखाया गया तो वो आने के लिए आतुर हो गई।
बता दें कि सतौन में ही भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री की आभार रैली का आयोजन भी किया था, लेकिन प्रियंका गांधी ने हाटी को एसटी के स्टेटस को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। खास बात ये थी कि संबोधन के दौरान सिवाए जयराम ठाकुर के प्रियंका गांधी ने किसी भी भाजपा नेता का नाम लेकर हमला नहीं किया। मंच पर ही प्रियंका गांधी ने स्वयं ही भेंट किए गए लोईया को सम्मानपूर्वक फोल्ड कर सहेज कर रख लिया।
इस दौरान मंच पर सिरमौर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष आशिक मोहम्मद, अंतरिम अध्यक्ष आनंद परमार, पूर्व अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता रुपेंद्र ठाकुर इत्यादि भी मौजूद थे।