ऊना, 7 अक्तूबर : पुलिस थाना अंब के तहत सुंकाली मोड़ पर सड़क पार कर रही एक महिला की बाइक की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान स्वर्णा देवी पत्नी वेद प्रकाश निवासी रिपोह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पौने आठ बजे स्वर्णा देवी सुंकाली मोड़ के पास पुल पार करके सड़क पार कर रही थी। इस दौरान मुबारिकपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार एक बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगने के बाद गंभीर रूप से घायल हुई स्वर्णा देवी को उसका बेटा संजीव कुमार उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले आया। यहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल उना रेफर कर दिया। लेकिन ऊना अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी आशीष पठानिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित बाइक चालक विनोद कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी गंगोटी के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।