सोलन (एमबीएम न्यूज़): शहर में गहराए पेयजल संकट को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त चौक पर खाली मटके फोड़ कर अपना विरोध दर्ज करवाया। हालांकि सोलन शहर में पेयजल वितरण की जिम्मेदारी नगर परिषद की है तथा वर्तमान में परिषद में भाजपा का कब्जा है।
जानकारी के मुताबिक सोलन शहर में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। नगर परिषद के कई ऐसे भी वार्ड हैं जहां सप्ताह बाद पानी की सप्लाई की जा रही है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को सोलन भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। सोलन भाजपा के कार्यकत्र्ताओं ने एकजुट होकर उपायुक्त चौक पर पेयजल संकट के विरोध में धरना प्रदर्शन किया।
भाजपा के शिमला संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री पुरषोत्तम गुलेरिया व नगर परिषद अध्यक्ष पवन गुप्ता की अगुवाई में भाजपा ने यह प्रदर्शन किया। हालांकि प्रदर्शन से पार्टी के आधे से अधिक पार्षदों ने दूरी बनाए रखी। इससे साफ हो रहा है कि सोलन भाजपा के बीच गुटबाजी चरमसीमा पर पहुंच चुकी है। यहां बतां दे कि 15 सदस्य वाली सोलन नगर परिषद में भाजपा के 10 पार्षद है,लेकिन प्रदर्शन में करीब अध्यक्ष समेत चार पार्षद ही शामिल हुए। उपायुक्त कार्यालय के बाहर भाजपा ने शहर में गहराए पेयजल संकट को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में दिखी भाजपा की गुटबाजी
उपायुक्त कार्यालय के बाहर पेयजल संकट को लेकर सोलन भाजपा द्वारा रखे गए प्रदर्शन ने पार्टी के बीच चरम पर पहुंच चुकी गुटबाजी देखने को मिली। सोलन नगर परिषद में भाजपा का कब्जा होने के बावजूद भी ज्यादातर भाजपा पार्षदों ने प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी। पूर्व प्रस्तावित इस प्रदर्शन में भाजपा के कुल दस पार्षदों में केवल मात्र चार पार्षदों ने भी अपनी उपस्थित दर्ज करवाई है। शेष छह पार्षदों ने प्रदर्शन से स्वंय को दूर रखा।