हमीरपुर, 23 सितंबर : भोरंज उपमंडल के अंतर्गत बेहड़वीं गांव में पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। मृतक पति पत्नी गांव बेहड़वीं डाकघर सुलखान तहसील भोरंज जिला हमीरपुर से संबंध रखते थे। बताते चले कि विनोद कुमार राज्य बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर सेवारत था।
विनोद और प्रीति की शादी को अभी करीब एक साल हुआ था। दोनों ने एक साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजन को जब दोनों के जहरीला पदार्थ निगलने की बात का पता चला तो वे उन्हें सिविल अस्पताल भोरंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रैफर कर दिया।
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में उनकी नाजुक हालत को देखकर बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया। जहां दोनों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पति-पत्नी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि भोरंज थाना प्रभारी सुरम सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।