ऊना (एमबीएम न्यूज़) : मां चिंतपूर्णी से संगरूर जा रही पंजाब रोडवेज की बस के मुबारिकपुर के बणे दी हट्टी के समीप अनियंत्रित होकर करीब पचास फुट गहरी खाई में पलट जाने से बस में सवार बारह यात्री घायल हो गए। गनीमत यह रही कि खाई में बस पेड़ों के बीच फंस गई अन्यथा जिस स्थान पर बस गिरी उससे आगे ही कुछ घर भी थे। इस दुर्घटना के बस चालक व परिचालक मौका से फरार हो गए। घायलों को फर्स्ट रेफरल यूनिट गगरेट में प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया गया है। यहां से चार गंभीर घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। सभी घायल पंजाब से संबंधित हैं। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तारी को माना जा रहा है। गगरेट पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर इसे अम्ब पुलिस को आगामी कार्रवाई के लिए ट्रांसफर कर दिया है।
शनिवार करीब दो बजे चिंतपूर्णी से संगरूर के लिए पंजाब रोडवेज की बस चली। बस जैसे ही बणे दी हट्टी के समीप पहुंची तो विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन को पास देने के चक्कर में बस चालक बस को सड़क के किनारे पर ले गए लेकिन बस पर नियंत्रण न रख सका। इसके चलते बस पलटे खाते हुए करीब पचास फुट गहरी खाई में गिर गई। बस में सवार यात्रियों के अनुसार बस चालक तेज गति से बस को चला रहा था। खाई में बस गिरते ही यह पेड़ों में फंस गई। अन्यथा और आगे जाकर यह रिहायशी मकानों पर गिर सकती थी। घटना की जानकारी मिलते ही 108 मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि इस दुर्घटना में बाल-बाल बचे यात्री अन्य बसों के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर निकल गए। उधर दुर्घटना की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन भी सतर्क हो गया। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया गया और चार गंभीर घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई जारी है।