शिमला, 14 अगस्त : 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिमाचल के 4 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक व पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। देश भर में बेहतरीन कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की सूची मंत्रालय द्वारा स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले जारी की जाती है। हिमाचल पुलिस मुख्यालय ने पदक के लिए चयनित अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी है साथ ही इस बावत हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की है।
विशिष्ट सेवा के लिए सोलन के एसपी वीरेंद्र शर्मा को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा। जबकि तीन अन्य अधिकारियों आईजी (वेलफेयर एंड एडमिन) के पद पर तैनात दिनेश कुमार यादव, पीटीसी डरोह में तैनात इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार और टीटीआर शिमला यूनिट में तैनात एएसआई किशोर कुमार का पुलिस मेडल के लिए चयन हुआ है।
हिमाचल के डीजीपी संजय कुंडू ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह समस्त पुलिस बल के लिए बहुत की गौरव व सम्मान का क्षण है। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और इस शुभ अवसर पर प्रदेश पुलिस के चार अधिकारियों व जवानों को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।