कांगड़ा, 10 अगस्त: जनपद के ज्वाली के बग्गा में तेंदुए ने घर के आंगन में सो रही महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब 11ः30 बजे जब महिला अपने घर के आंगन में सो रही थी तो एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने आकर देखा तब तक तेंदुआ भाग गया।
पंचायत प्रधान मदन राणा ने बताया कि महिला पर रात के समय तेंदुए ने हमला किया। मौके पर पाया गया कि महिला का बिस्तर खून से सना हुआ था। तुरंत उसे टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए। महिला के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका की पहचान योद्धा देवी पत्नी फंगूदीन के रूप में हुई है।