धर्मशाला (एमबीएम न्यूज़) : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली ने कहा कि केन्द्र सरकार की जन विरोधी नीतियों एवं कांग्रेस के केन्द्रीय नेताओं पर अनर्गल आरोप लगाने एवं प्रताड़ित करने के विरोध में प्रदेश का हर एक कांग्रेसी खड़ा होगा। बाली ने आज धर्मशाला में जिलाभर के कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ शहीद स्मारक से विरोध प्रदर्शन रैली निकाल कर केन्द्र सरकार को चेताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनता से किये वायदों को पूरा करने में नाकाम रही है। वर्तमान में बेरोजगारी और मंहगाई ने देश के युवा एवं गरीब वर्ग की कमर तोड़ कर रख दी है।
उन्होंने कचहरी अड्डा में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार अपनी नाकामियां छिपाने के लिए जानबूझ कर कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व पर मनगढ़त आरोप लगाने में जुटी है। कांग्रेस नेतृत्व पर झूठे केस बनाए जा रहे हैं। यह सारा षड्यंत्र लोगों को भ्रमित करने एवं उनके साथ किए गए वायदों से ध्यान हटाने के उद्देश्य से रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार अपने इस रवैये में बदलाव नहीं लाती है तो प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।
रैली में कांगड़ा-चम्बा लोकसभा क्षेत्र की युवा कांग्रेस अध्यक्षा नीतू चौधरी, कांगड़ा एवं नूरपुर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षा सुमन वर्मा, करण मांटू, पीसीसी सचिव मनमोहन कटोच, अजय वर्मा, रोशन लाल खन्ना, नवनीत, मनोज मेहता, ओबीसी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव चौधरी, नगरोटा एवं कांगड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मान सिंह चौधरी व राज कुमार सहित एनएसयूआई, महिला, युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी व हजारों की संख्या में जिलाभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।