नालागढ़ (एमबीएम न्यूज): बुधवार शाम पुलिस हिरासत से फरार हुए तांबा चोरी-हत्या के आरोपी सुनील कुमार को नालागढ़ पुलिस ने मात्र 11 घंटे में ही बिलासपुर जिला से गिरफ्तार कर उसे फिर से सलाखों के पीछे पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है।
दरअसल शाम करीब 5 बजे सुनील उस वक्त पुलिस हिरासत से फरार हो गया था, जब उसे कोर्ट में पेश करने के लिए लाया गया था। हालांकि सुनील की फरारी के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के लिए ऐडी चोटी का जोर लगा दिया। पुलिस ने आरोपी के घर, उसके परिजनों समेत जगह-जगह दबिश दी। इसके बाद पुलिस को लगा कि शायद आरोपी रात को ठहरने के लिए किसी ढाबे इत्यादि का सहारा ले सकता है। पुलिस की यही सोच कामयाब रही और आरोपी को बिलासपुर जिला के शडोल क्षेत्र में स्थित एक ढाबे से सुबह करीब साढ़े 4 बजे धर लिया गया। आरोपी सुनील नालागढ़ से लिफ्ट लेते-लेते बिलासपुर पहुंच गया था।
डीएसपी साहिल अरोड़ा ने आरोपी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आज सुबह ही आरोपी को शडोल में स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।