नाहन (ए वर्मा): धारटीधार की पंजाहल पंचायत में 55 वर्षीय मेहर सिंह पर तेंदुए ने हमला किया। सौभाग्य यह रहा कि चंद सैकंड में ही तेंदुआ मौके से खुद-ब-खुद चला गया। इस दौरान मेहर सिंह को मामूली चोटें आने पर मेहर सिंह को फौरन ही अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। मेहर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह तेंदुए ने शिलनू में एक गाय को भी मारा था।
पीडि़त ने बताया कि वह पीडब्ल्यूडी में कार्यरत है। सुबह डयूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। अचानक ही रास्ते में तेंदुए से सामना हुआ। उन्होंने बताया कि कुछ ही सैकेंड में तेंदुआ अपने आप ही चला गया। सनद रहे कि यह वही स्थान है, जहां पर दो व्यक्यिों ने एक तेंदुए को मार गिराया था। धारटीधार के जमटा, बनेठी व पंजाहल क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। हाल ही में एक बुजुर्ग महिला को तेंदुए ने बुरी तरह जख्मी कर दिया था। इस दौरान महिला अपने चार साल के पोते को बचाने में कामयाब रही थी।