नाहन, 10 मई : शहर की स्वच्छता को लेकर धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। यकीन मानिए, हवाई जहाज में उड़ने वालों के घर से निकलने वाली गंदगी से गलियों में ढ़ेर लगते हैं। इसका सबूत मंगलवार सुबह कांग्रेस भवन के समीप मिला है।
दरअसल, शहर के घरों में निजी तौर पर महिला सफाई कर्मचारी काम करती है। घरों से कूड़े को पॉलीथीन में पैक कर नजदीक ही इन्हें ठिकाने लगा दिया जाता है। मंगलवार को कांग्रेस भवन के समीप रहने वालों की आपत्ति पर नगर परिषद के सफाई कर्मी द्वारा कूड़े के ढे़र में से सबूत तलाशे गए। इसमें एक बोर्डिंग पास मिला।
बोर्डिंग पास के मुताबिक पैसेंजर ने अहमदाबाद से चंडीगढ़ की फलाइट 27 जनवरी 2022 को ली थी। बता दें कि हाल ही में नगर परिषद के सैनेटरी इंस्पेक्टर सुलेमान ने इस इलाके में कूडे़ से सबूत हासिल करने के बाद कई घरों को चेतावनी भी दी थी, लेकिन कुछ दिन तक तो स्थिति ठीक रही। धीरे-धीरे निजी सफाई कर्मचारियों द्वारा गंदगी को दोबाराा गलियों में फैंका जाने लगा है।
लोगों का मानना है कि अगर नगर परिषद के कर्मचारी सुबह के वक्त नियमित तौर पर गलियों में गश्त करना शुरू कर दे ंतो घरों में काम करने वाली महिला कर्मियों पर नकेल कसी जा सकती है।
करीब एक साल पहले नगर परिषद ने इस बात का भी ऐलान किया था कि गलियों में मिलने वाले कूड़े से साक्ष्य तलाश कर चालान किए जाएंगे, लेकिन इस लंबी अवधि में एक भी चालान नहीं किया गया। खास बात ये है कि कांग्रेस भवन के आसपास रहने वाले लोग गली में कचरा नहीं फैंकते हैं, बल्कि नगर परिषद की रेहड़ी का इंतजार किया जाता है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि स्वच्छता अभियान को वास्तव में धरातल पर उतारने के लिए नाहन नगर परिषद की नींद जल्द ही टूटेगी। उधर, नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर से बात नहीं हो पाई।