नालागढ़, 1 मई : नालागढ़ में रविवार को जनमंच कार्यक्रम में पहुंचे ऊर्जा मंत्री व सरकार के खिलाफ जमकर रोष देखा गया। देवभूमि स्वर्ण मोर्चा व देव भूमि क्षत्रिय मोर्चा इकाई नालागढ़ व दून ने मंत्री सुखराम चौधरी के काफिले को काले झंडे दिखाकर जमकर “गो बैक” के नारे लगाए। इस दौरान सदस्यों को जनमंच कार्यक्रम में आने से पुलिस व प्रशासन द्वारा रोका गया।
देव भूमि क्षत्रिय मोर्चा व देवभूमि सवर्ण मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि प्रदेश सरकार को आने वाले चुनावों में करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वर्ण समाज के हक़ को मारने का काम कर रही है।
दून क्षत्रिय सेवा समिति के प्रधान ईश्वर ठाकुर ने कहा कि वो किसी भी समाज के खिलाफ नहीं है। जब सबके आयोग बने हैं, तो हमारा भी सशक्त आयोग बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चों का भविष्य आरक्षण ने खराब कर दिया है। 96 फीसदी अंक लेने वाले को आरक्षण से बाहर कर दिया जाता है और 40 फीसदी वाले को एडमिशन दे दिया जाता है। यही हाल नौकरियों में भी है।
वही स्वर्ण आयोग पर मंत्री सुखराम चौधरी से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उनकी शत प्रतिशत मांगे मानी है और उसकी नोटिफिकेशन भी कर दी गई है। मंत्री ने कहा कि वह छोटी-छोटी डिमांड कर रहे हैं, जैसे सामान्य वर्ग आयोग का नाम बदलकर स्वर्ण आयोग कर दें, जो कि उचित नहीं है।
उन्होंने स्वर्ण स्वर्ण मोर्चा से अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे को बैठकर सुलझाएं न कि रोष प्रकट करके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे शांत प्रदेश में अशांति न फैलाएं।