संगड़ाह, 27 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर श्री रेणुका जी के विधायक विनय कुमार का क्षेत्र में पहली बार पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। क्षेत्र के लोगों ने ढोल नगाड़ों के साथ फूल मालाएं पहनाकर जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया।
नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लाना चेता, ग्राम पंचायत चोकर व नौहराधार पंचायत के सीमावर्ती इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया हुआ है। इस दौरान क्षेत्र की जनता ने विनय कुमार की ताजपोशी के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। विधायक विनय कुमार ने तीन पंचायत लाना चैता, चोकर व नौहराधार को जोड़ती हुई गवालियों से पनारा सड़क मार्ग का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।
इस दौरान क्षेत्र के 12 परिवारों ने भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस पार्टी का हाथ थामा। विधायक विनय कुमार ने 12 परिवार जोगिंदर सिंह ग्राम कुटवी, वेद प्रकाश ग्राम पनारा, रीनू ग्राम पनारा, कपिल ग्राम चाड, हरिचंद ग्राम भोग से, वीरेंद्र ग्राम पनारा से , यशपाल ग्राम घुसान से, यशवंत सिंह, दिलावर सिंह, ईश्वर, भीम सिंह, सतपाल कमाल इत्यादि सभी को कांग्रेस पार्टी में जोड़ते हुए माला पहनाकर स्वागत किया।
नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष विधायक विनय कुमार ने कहा कि उन्होंने पिछले कई दिनों से रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में “विधायक जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की जनता से सीधा संपर्क कर संवाद कर रहे हैं और जनसंपर्क अभियान में लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं। तथा आगामी 2022 के चुनाव के लिए रेणुका विधानसभा क्षेत्र की जनता से सुझाव भी एकत्रित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने रेणुका में विकास करने में कोई कमी नहीं छोड़ी है लेकिन पिछले साढे 4 वर्षों में प्रदेश की भाजपा सरकार में रेणुका का विकास रुक गया है । विधायक विनय कुमार ने कहा कि अब केवल चंद महीने बचे हैं और प्रदेश से भाजपा की सरकार जाते ही फिर से रेणुका में विकास का कार्य गति से शुरू होगा ।उन्होंने कहा कि श्री रेणुका विधानसभा क्षेत्र के साथ भाजपा सरकार में हमेशा से ही भेदभाव होता आया है और वर्ष 2022 के चुनाव में हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा की सरकार को सत्ता से हटाकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार स्थापित करेगी और फिर से विकास के कार्य शुरू होंगे।
विधायक विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई अध्यक्षा प्रतिभा वीरभद्र सिंह को बधाई तथा प्रदेश कार्यकारिणी में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी शुभकामनाएं। विधायक विनय कुमार ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के लिए कांग्रेस हाईकमान राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजीव शुक्ल, सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री जी एवं प्रदेश के सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश भर में नई नियुक्तियों से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी और कांग्रेस के कार्यकर्ता नए जोश के साथ हिमाचल प्रदेश और जिला सिरमौर के अंदर कार्य करेंगे तथा प्रदेश में फिर से सत्ता में कांग्रेस लौटेगी।