बिलासपुर, 26 अप्रैल : पोक्सो एक्ट के तहत जब्बली जेल में बंद एक कैदी ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हेंं घायल कर भागने की नाकाम कोशिश की है। पुलिस कर्मियों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी कोशिश विफल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार पोक्साे एक्ट के तहत महेंद्र कुमार को सोमवार को कोर्ट में पेश करना था। इसके लिए दो पुलिस कर्मियों अनिल कुमार और शंकुतला देवी की ड्यूटी लगी हुई थी। दोनों पुलिस कर्मियों ने जब आरोपी कोर्ट में पेश करने के बाद जब्बली ले जाने लगे तो जब्बली के समीप बस यात्रियों को उतारने के लिए खड़ी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने एक बुजुर्ग यात्री को लात मारकर गिरा दिया और भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे धर दबोचा। भागने की कोशिश के दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मियों के साथ भी मारपीट की, जिसमें अनिल कुमार को चोट आई है। पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि उसकी उंगली व गले में चोट आई है। अनिल कुमार ने कहा कि महेंद्र कुमार ने उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को ले जाने के लिए हथकड़ी का प्रयोग किया जाना बहुत ही जरूरी है, ताकि आने वाले समय में इस प्रकार की कोई दिक्कत पेश न आए। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी महेंद्र कुमार को दोबारा जब्बली जेल में बंद कर दिया गया है।