शिमला, 21 अप्रैल : गणित के प्रोफेसर ज्योति प्रकाश को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रति कुलपति नियुक्त किया गया है। वह प्रदेश विवि के पांचवें प्रति कुलपति बने हैं। उनका कार्यकाल तीन साल तक रहेगा। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
बता दें कि प्रो. सिकंदर कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद हिमाचल प्रदेश विवि में कुलपति का पद रिक्त हो गया था। उसके बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति प्रो. एसपी बंसल को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। प्रो. ज्योति प्रकाश की प्रति कुलपति के पद पर नियुक्ति के कारण अब प्रदेश विवि में नए कुलपति की नियुक्ति की संभावना खत्म हो गई है।
नवनियुक्त प्रति कुलपति प्रो. ज्योति प्रकाश प्रदेश विवि में गणित विभाग के प्रोफेसर हैं। वह विवि में वर्ष 2018 से अधिष्ठाता महाविद्यालय विकास परिषद का कार्यभार भी संला रहे हैं। प्रो. ज्योति प्रकाश मंडी जिला की सुंदरनगर तहसील के शकराह गांव के निवासी हैं।
वर्ष 1996 में ऊना जिला के दौलतपुर कॉलेज में गणित के प्रवक्ता के रूप में उन्होंने अपना अध्यापन शुरू किया। 2011 में वह हिमाचल विवि में सहायक प्रोफेसर लगे। अगस्त 2014 से वह विवि में प्रोफेसर (गणित) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। वह अब तक 105 रिसर्च पेपर प्रकाशित कर चुके हैं।