हमीरपुर, 18 अप्रैल : हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर ने बीते दिन (रविवार) को एक बार फिर रूटों पर बसें चलाई। दिन भर करीब 150 लोकल व लांग रूटों पर बसें यात्रियों को लेकर दौड़ती नजर आई। बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से इनकम में भी इजाफा होना शुरू हो गया है। यही नहीं सीएम की हिमाचल दिवस पर एचआरटीसी बसों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी छूट के ऐलान के बाद ही महिला यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है।
जिला डिपो ने रविवार को लोकल रूटों पर बसें बंद रखने का रिवाज खत्म कर दिया है। डिपो में अब हर संडे या फिर सरकारी अवकाश के दिन भी लोकल व लांग रूटों पर बसें चलाई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी लोकल रूटों पर निगम की बसें चलने से काफी खुश हैं। रविवार को बसें दोबारा शुरू होने से निगम की बसों में यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होना शुरू हो गया है।जिसका सीधा असर निगम की कमाई पर पड़ रहा है।
एचआरटीसी ने इस बार भी सिर्फ उन्हीं रूटों को संडे को बंद रखा, जो कि स्कूल-कॉलेज छात्रों के लिए विशेष तौर पर चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा बाकी सभी रूटों पर निगम ने दिन भर बसें चलाई। बस अड्डा स्थित पूछताछ केंद्र पर भी महिलाओं द्वारा बसों के टाइम टेबल के बारे में विशेष तौर पर पूछा जा रहा है, ताकि इस दौरान अगर किसी निगम बस का टाइम हो, तो वह इनमें सफर कर सकें।
हालांकि महिलाओं के किराए में 50 फीसदी छूट की अभी तक नोटिफिकेशन नहीं हो पाई है। फिर भी महिलाओं ने निगम की बसों में सफर करने की रूटीन पकड़नी शुरू कर दी है, ताकि जैसे ही नोटिफिकेशन हो, तो वे छूट का लाभ उठा सकें। यही नहीं कई महिलाएं बसों में कंडक्टरों को 50 फीसदी छूट के बारे में पूछताछ भी करती नजर आई। क्योंकि महिलाएं बढ़े हुए किरायों से काफी परेशान हैं।