मंडी, 17 मार्च : जोनल अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए हृदय वासी सेवा समिति की निशुल्क भोजन सेवा को दो वर्षों पूरे हो गए। इस उपलक्ष्य पर बुधवार को एसडीएम सदर आईएएस रितिका जिंदल स्वयं भोजन सेवा की व्यवस्था जानने पहुंची और यहां पर अपने हाथों से भूखों को भोजन परोसा वहीं जरूरतमंदों को वस्त्र व कंबल आदि भी बांटे।
इस मौके पर उन्होंने अस्पताल में इस प्रकार के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि हृदयवासी सेवा समिति पुण्य का कार्य कर रही है। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन मंडी की ओर से हृदयवासी सेवा समिति के सभी सदस्यों का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने समिति को जिला प्रशासन की तरफ से हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
वहीं इस मौके पर हृदयवासी सेवा समिति के भोजन सेवा के संयोजक रमन बिष्ट ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि सभी दानी सज्जनों के सहयोग से समिति की भोजन सेवा को मंडी जोनल अस्पताल में शुरू किए हुए सफल दो वर्षों का समय पूरा हुआ। जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि अभी तक समिति करीब 1 लाख 85 हजार लोगों को निःशुल्क भोजन की व्यवस्था करवा चुकी है और आने वाले समय में भी इसे जारी रखा जाएगा। रमन ने बताया कि अब समिति ने अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए वस्त्रों की सुविधा भी शुरू की है।
इस मौके पर भोजन सेवा का लाभ लेने वाले व पहले भी ले चुके लोगों ने भी समिति के प्रयास की सराहना की। लोगों की मानें तो अस्पताल में दूरदराज से लोग आते हैं और रुपयों की कमी के चलते कई बार लोगों को भूखा रहना पड़ता है। लेकिन यहां पर लोग भरपेट भोजन करते हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को लाभ होता है।
बता दें कि मंडी जोनल अस्पताल में दो वर्षों से निःशुल्क भोजन की व्यवस्था हृदय वासी सेवा समिति के द्वारा की जा रही है। जानकारी के अनुसार इस भोजन व्यवस्था से प्रतिदिन 250 से 300 लोग लाभ ले रहे हैं और यह कार्यक्रम मंडी शहर और अन्य स्थानों के दानी सज्जनों के सहयोग से किया जा रहा है।